रक्षाबंधन के पावन अवसर पर स्काईरिच स्कूल उदयपुर की छात्राओं ने थाना पहुंचकर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह सहित पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर भाई का दर्जा दिया। छात्राओं ने आरती उतारी, तिलक लगाकर उनके दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। इस पहल का उद्देश्य समाज के प्रति समर्पित पुलिस जवानों को सम्मान देना था, जो त्यौहार पर भी परिवार से दूर रहकर सेवा में लगे रहते हैं। विद्यालय के प्राचार्य रामप्रसाद गुप्ता ने कहा कि विद्यालय सिर्फ शिक्षा नहीं, संस्कार भी देता है। रक्षाबंधन पर देश की रक्षा में तत्पर जवानों के साथ यह पल बिताना गौरव की बात है। शिक्षिका तुलसी पांडेय और रुविना अली के नेतृत्व में छात्राएं थाने पहुंची थीं। थाना प्रभारी सिंह ने छात्राओं की भावना की सराहना करते हुए कहा कि वे न केवल शिक्षित बल्कि संस्कारी और जिम्मेदार नागरिक बन रही हैं। उन्होंने छात्राओं को पुलिस कार्यप्रणाली, सुरक्षा उपकरण, ऑनलाइन एफआईआर और शस्त्रागार संचालन की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में छात्र-छात्राएं, शिक्षिकाएं और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।


