जिस कार में 52 किलो सोना मिला, उसका वीडियो:दोपहर में सौरभ के घर के पास से गुजरी; उस दौरान चल रहा था लोकायुक्त का छापा

भोपाल में परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा के घर और कार्यालय पर 19 दिसंबर को लोकायुक्त पुलिस ने छापा मारा था। दावा किया गया कि छापे की यह कार्रवाई सुबह 7 बजे से उसके दोनों ठिकानों पर की जा रही थी। इसी दौरान, सौरभ शर्मा के घर E-7/78 से महज 50 मीटर की दूरी पर वो इनोवा कार गुजरी, जो रात में मेंडोरी के जंगल में खड़ी मिली थी और उसमें से 52 किलो सोना और 11 करोड़ रुपए कैश बरामद किए गए थे। छापे वाले दिन सौरभ के घर से पास से गुजरी इस कार का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद ये साफ हो गया है कि लोकायुक्त की कार्रवाई के बीच गोल्ड और कैश से भरी इनोवा कार सौरभ के घर के बेहद नजदीक थी। रातीबढ़ पुलिस ने इस कार के फुटेज गुरुवार को सौरभ के घर के पास रहने वाले एक प्रॉपर्टी डीलर के घर से जब्त किए। दोपहर 2:06 बजे कार प्रॉपर्टी डीलर के घर के सामने से गुजरती हुई दिखाई दी। इस दौरान, सौरभ के घर में लोकायुक्त की कार्रवाई चल रही थी। ड्राइवर की पहचान अभी भी रहस्य
कार मालिक चेतन सिंह गौर ने इनकम टैक्स विभाग की पूछताछ में बताया था कि उसने एक ड्राइवर रखा हुआ था। इनोवा कार वही चलाता था। लेकिन यह कार मेंडोरी के जंगल तक कैसे पहुंची और किसने पहुंचाई, इसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है। कार ड्राइवर कौन है और सोने से भरी कार को ठिकाने लगाने में उसकी क्या भूमिका थी, यह भी साफ नहीं हो पाया है। प्रॉपर्टी डीलर के घर से फुटेज जब्त
अरेरा कॉलोनी, ई-7 में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। उनके घर से फुटेज जब्त करने खुद रातीबढ़ थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा आए थे। हालांकि, भोपाल पुलिस इस मामले में कोई भी बयान देने से बच रही है। जब रातीबढ़ टीआई रास बिहारी शर्मा से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि पुलिस अन्य चोरी के मामले में वहां गई थी। गोल्ड-कैश से भरी कार के मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच अन्य एजेंसियां कर रही हैं। इधर, प्रॉपर्टी डीलर ने दावा किया कि उनका घर सौरभ के बंगले ई-7/78 के नजदीक है। सौरभ जिस बंगले में रह रहा है, वह भी प्रॉपर्टी डीलर ने ही उसे बेचा था। अंडरग्राउंड हुआ चेतन सिंह गौर
जिस कार में गोल्ड और कैश मिला, वह चेतन सिंह गौर के नाम पर रजिस्टर्ड है। आईटी विभाग की टीम ने चेतन को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, लेकिन बाद में छोड़ दिया था। इसके बाद, लोकायुक्त की टीम ने चेतन पर एफआईआर दर्ज की। इसके बाद से ही चेतन का मोबाइल बंद है और वह अंडरग्राउंड हो चुका है। चेतन ने अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट भी डिलीट कर दिए हैं। ये खबर भी पढ़ें – RTO के करोड़पति कॉन्स्टेबल के ठिकानों पर ईडी की रेड आरटीओ के पूर्व कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा के भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर स्थित ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई चल रही है। ईडी की अलग-अलग टीमों ने शुक्रवार सुबह एक साथ तीनों शहरों में छापे मारे। सूत्रों के मुताबिक, रेड में कई अहम दस्तावेज मिले हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *