पंजाब में फरीदकोट में आज यानी बुधवार को डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर और एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन की अध्यक्षता में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। दरअसल नेहरू स्टेडियम में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में सीएम भगवंत सिंह मान तिरंगा फहराएंगे। ड्रेस रिहर्सल में फरीदकोट रेंज के डीआईजी अश्विनी कपूर भी विशेष तौर पर शामिल रहे। इस मौके पर डीसी और एसएसपी ने दावा किया कि जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह की हर तरह से तैयारियां मुकम्मल कर ली है। फुल ड्रेस रिहर्सल में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर ने निभाई। उन्होंने मार्च पास्ट की सलामी लेते हुए परेड का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर पंजाब सरकार के विभिन्न विभागों की लोक भलाई स्कीमों और विकास परियोजनाओं को दर्शाती झांकियां भी निकाली गई और स्कूली स्टूडेंट्स ने पीटी शो के बाद देशभक्ति पर आधारित समाचार कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। समारोह में पीएपी के जवान देगें टेंट पैकिंग की प्रस्तुति-डीसी
इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर होने वाले राज्य स्तरीय समारोह की तैयारी पूरी हो चुकी है जिसकी अध्यक्षता सीएम मान करेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार समारोह में पीएपी के जवानों द्वारा टेंट पैकिंग की नई आइटम प्रस्तुत की जाएगी। एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि जिला पुलिस ने समारोह के लिए सुरक्षा की दृष्टि से भी तैयारियां कर ली है। समारोह स्थल समेत आसपास के क्षेत्र में 2 हजार पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है और सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी जिसके लिए एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। इसके अलावा पुलिस द्वारा अति आधुनिक तकनीक एआई के मदद से अपराधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। साथ ही घुड़सवार पुलिस की भी तैनाती की गई ताकि असमाजिक तत्वों की गतिविधियों को रोका जा सके।


