10 हजार श्रद्धालुओं संग मनाएंगे जन्माष्टमी का महामहोत्सव:बाल महोत्सव से लेकर भजन, संकीर्तन और पुष्पाभिषेक रहेगा खास, रायगढ़ में इस्कॉन टेंपल ने दी जानकारी

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में इस्कॉन प्रचार केंद्र की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन 15 अगस्त को महामहोत्सव के रूप में किया जाएगा। इस आयोजन में करीब 10 हजार लोगों के साथ जन्माष्टमी मनाने के लिए दोपहर से देर रात तक भक्ति और आराधना से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे। इसमें प्रदेशभर से कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर इस्कॉन प्रचार केंद्र के मंदिर में प्रेस वार्ता रखी गई। इसमें इस्कॉन रायपुर के मिथिलापति दास ने बताया कि इस्कॉन का उद्देश्य श्रीकृष्ण भावनामृत को दुनिया भर में फैलाना है, ताकि लोग भगवान कृष्ण की भक्ति और प्रेम को अपने जीवन में उतार सकें। संस्था वैदिक संस्कृति और आध्यात्मिक ज्ञान को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। 15 अगस्त के कार्यक्रम के बारे में बताते हुए इस्कॉन प्रचार केंद्र रायगढ़ के प्रमुख कमल किशोर दास ने कहा कि आयोजन की शुरुआत दोपहर 3 बजे स्वस्तिवाचन से होगी। यह स्वस्तिवाचन बच्चों द्वारा किया जाएगा। बच्चों द्वारा संस्कृत मंत्रों का उच्चारण और आराधना को देखना-सुनना विशेष अनुभव होगा। बाल महोत्सव में बच्चों के लिए होंगे कई सांस्कृतिक आयोजन महोत्सव के दौरान 15 वर्ष तक की उम्र के बच्चों के लिए विशेष “बाल महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसमें भजन, श्लोक पाठ, नृत्य और फैंसी ड्रेस जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। शाम को भक्ति संगीत से सजेगा माहौल शाम 7 बजे संध्या आरती और कीर्तन का आयोजन होगा। इसके बाद 7:30 से रात 9 बजे तक भजन संध्या का कार्यक्रम चलेगा, जिसमें NIT रायपुर के इंजीनियरिंग छात्र, खैरागढ़ विश्वविद्यालय के छात्र, रायगढ़ के संगीत विद्यालयों से जुड़े विद्यार्थी, विभिन्न स्कूलों के बच्चे और युवा कलाकार भाग लेंगे। रात 12 बजे पुष्पों से होगा भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक रात 9 बजे से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण का महाअभिषेक किया जाएगा। ठीक रात 12 बजे, पुष्पों से भगवान का अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य का उत्सव मनाया जाएगा और फूलों की होली खेली जाएगी। भगवान को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। इसके बाद, रात 12:30 बजे भव्य महाआरती होगी और सभी भक्तों के बीच महाप्रसाद वितरित किया जाएगा। तीन महीने से चल रही है जन्माष्टमी महामहोत्सव की तैयारी रायगढ़ में इस्कॉन प्रचार शाखा की ओर से आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव की तैयारियां तीन महीने पहले ही शुरू कर दी गई थी। यह आयोजन जनसहयोग से किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस्कॉन रायगढ़ बीते तीन वर्षों से लगातार ऐसे आयोजन करता आ रहा है। कम समय में ही यहां भक्तों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस बार आयोजन इस्कॉन मंदिर (राजापारा, पल्लवी महल) की बजाय एक निजी होटल में किया जा रहा है, ताकि लगभग 10 हजार लोग एक साथ भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन हो सकें और हरिनाम संकीर्तन का आनंद ले सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *