स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बुधवार को आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना और राज्यकर्मी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना की समीक्षा बैठक की। बैठक में झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी की कार्यकारी निदेशक डॉ. नेहा अरोड़ा, विभाग के अपर सचिव विद्यानंद शर्मा पंकज, टाटा एआईजी, डेलोइट और एनआईसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अपर मुख्य सचिव ने ई-केवाईसी प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि लाभार्थियों को योजना का लाभ बिना देरी मिले। इसके लिए सहियाओं को ई-केवाईसी में सहयोग पर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने का प्रस्ताव कैबिनेट को भेजा जाएगा। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों के इंपैनलमेंट के लिए हर माह बैठक आयोजित करने और पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए। साथ ही, मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना को अबुआ स्वास्थ्य योजना में सम्मिलित करने को कहा, ताकि गंभीर रोगियों को व्यापक कवरेज मिल सके। राज्यकर्मी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत बेहतर अस्पतालों को इंपैनल करने पर भी जोर दिया गया।


