भास्कर न्यूज | अमृतसर बस स्टैंड स्थित सिटी सेंटर के कारोबारी कूड़े के ढेर तथा टूटी सड़कों से परेशान हैं। इसके अलावा सीवरेज जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर जमा रहता है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। शहर व अन्य कस्बों से यहां रेडीमेड गारमेंट्स व अन्य कपड़ों की खरीद के लिए यहां पहुंचने वाले ग्राहक आईडीएच मार्केट में ही खरीदो फरोख्त कर लौट जाते हैं। गारमेंट्स के शोरूमों के सामने कूड़े के ढेर लगे हैं जिन्हें नगर निगम कर्मी कई दिनों तक नहीं उठाते। इसी तरह, सिटी सेंटर की सड़कें भी टूटी हुई हैं। एलआईसी ऑफिस के पीछे सड़कों पर गड्ढे पड़े हैं। न मेयर और न निगम कमिश्नर इस ओर ध्यान दे रहे हैं। भारतीय व्यापार मंडल के पंजाब प्रधान एवं राजू गारमेंट्स के मालिक राजीव अनेजा ने मेयर मोती भाटिया एवं कमिश्नर गुलप्रीत औलख से कूड़े की रोजाना लिफ्टिंग सुनिश्चित करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सिटी सेंटर के समीप बस स्टैंड होने के चलते उक्त होलसेल मार्केट के साथ-साथ होटलों की िगनती ज्यादा है। होटलों में पर्यटक ठहरते हैं मगर कूड़े के ढेर और टूटी सड़कों से निगम के प्रति गलत संदेश जाता है। अनेजा ने बताया कि समस्याओं को लेकर डीसी साक्षी साहनी से मुलाकात की है। डीसी ने निगम अधिकारियो से उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।


