अमेरिका में सिख पर हुए नस्लीय हमले के आरोपियों को सजा दी जाए : गड़गज्ज

भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने अमेरिका के कैलिफोर्निया के नॉर्थ हॉलीवुड में 70 वर्षीय सिख हरपाल सिंह पर हुए नस्लीय व नफरती हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने लॉस एंजल्स पुलिस विभाग और अमेरिकी जांच एजेंसियों से आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। जत्थेदार गड़गज्ज ने कहा कि इस हमले के पीछे के मकसद को समझना बेहद जरूरी है और इसे नफरत भरे अपराध के तौर पर दर्ज किया जाना चाहिए। जानकारी के अनुसार, हरपाल सिंह सेटिकॉय स्ट्रीट और लंकेरशिम बुलेवार्ड के पास टहल रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया और वह अब अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। लॉस एंजल्स पुलिस विभाग ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है और पुलिस को हमले के पीछे उसके मकसद का खुलासा करना चाहिए। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह ने कहा कि संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) की 2024 घृणा अपराध रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका में सिखों के खिलाफ नफरत भरे हमलों में कुछ कमी आई है, लेकिन फिर भी हमलों का दौर जारी है। उन्होंने कहा कि एफबीआई की रिपोर्ट के अनुसार 2024 में सिखों के खिलाफ 153 नफरत भरे हमले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने अमेरिका स्थित सिख संगठनों से आग्रह किया कि वह अमेरिकी लोगों में सिख पहचान के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए विशेष प्रयास करें और यदि कोई समस्या है, तो इसके लिए सिख संगठन शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और श्री अकाल तख्त साहिब का सहयोग लिया जाना चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *