मुंगेली विकासखंड के ग्राम नवागांव चीनू में दशगात्र कार्यक्रम के दौरान दूषित भोजन से 74 लोग बीमार हो गए। इनमें 45 पुरुष, 16 महिलाएं और 13 बच्चे शामिल हैं। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। सीएमएचओ डॉ. शीला साहा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गांव के सभी घरों का दौरा किया। प्रभावित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां दीं और जरूरी सलाह दी। आरएमए, आरएचओ, सीएचओ और मितानिन दल ने घर-घर जाकर मरीजों की पहचान की। सभी को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया। प्रशासन की सक्रियता से कोई गंभीर घटना नहीं हुई। सभी मरीजों की स्थिति अब सामान्य है। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों को उबला पानी पीने, हाथ धोने और ताजा भोजन करने की सलाह दी है। डीपीएम गिरीश कुर्रे ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम 24 घंटे गांव में तैनात रहेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीम तैयार है। गौ सेवा संकल्प अभियान को लेकर बैठक मुंगेली में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि और पशुहानि को रोकने के लिए कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर गौ सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान का लक्ष्य बेसहारा और सड़कों पर छोड़े गए मवेशियों का बेहतर प्रबंधन करना है। जिला पंचायत के सभाकक्ष में मुंगेली विकासखण्ड के सरपंचों, सचिवों और पटवारियों को प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि गौ सेवा से मन को शांति मिलती है। जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने घुमंतू मवेशियों की ईअर टैगिंग करने का सुझाव दिया। साथ ही युवाओं और बुजुर्गों को इस अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने कहा कि इस अभियान से सड़क दुर्घटनाओं और यातायात बाधाओं में कमी आएगी। कार्यशाला में सभी ने गौ सेवा के लिए संकल्प लिया। मवेशियों को खुले में न छोड़ने और सड़क से हटाने का निर्णय लिया गया। बैठक में घूमंतू पशुओं की समस्या के समाधान और गाय गोद लेने पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी, सरपंच, सचिव और पटवारी उपस्थित थे।


