अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के चितौड़ प्रांत का 60वें प्रांत अधिवेशन में दूसरे दिन शनिवार शाम को सूरजपोल चौराहा पर खुला अधिवेशन का आयोजन किया गया। इसमें परिषद के राष्ट्रीय मंत्री राहुल राणा ने नई शिक्षा नीति को पूरी तरह लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा पुरानी शिक्षा नीति को खत्म कर नई शिक्षा नीति को सशक्त रूप से लागू करना आवश्यक है। उन्होंने देश में बढ़ती अवैध तस्करी और उसके युवाओं पर दुष्प्रभाव पर भी चिंता व्यक्त की। प्रांत सहछात्रा प्रमुख चेतना पांचाल ने कहा कि मेवाड़ की वीरांगनाओं से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके संघर्ष और बलिदान से आज की युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा मिलेगी। पूर्व प्रांत मंत्री उदयपुर हर्षित ननोमा ने देश में बढ़ रही नशाखोरी और महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा राजस्थान में ड्रग्स की घटनाए घटित हो रही है जो की बेहद गंभीर है और युवाओं को इससे बचाने के लिए इन मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता है। अजमेर महानगर सहमंत्री अदिति ने नई सरकार से अपेक्षा जताई कि वह शिक्षा से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान निकाले। प्रांत मंत्री उदयपुर जितेंद्र लोधा ने तमिलनाडु के कॉलेज परिसरों में छात्रों पर हो रही हिंसा पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा, तमिलनाडु की सरकार ने इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की है। अंत मे महानगर मंत्री पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़ ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इससे पहले शोभायात्रा निकाली गई जो गांधी ग्राउंड से शुरू होकर चेतक चौराहा से आगे बढ़ते हुए सूरजपोल चौराहा पर संपन्न हुई। शोभायात्रा का रूट चेतक से हाथीपोल, अश्विनी बाजार, दिल्ली गेट, बापू बाजार होते हुए सूरजपोल चौराहा तक का रहा।


