देवीकोट में फायर ब्रिगेड और बाइक की टक्कर:यूपी निवासी बाइक सवार हुआ घायल, जवाहिर हॉस्पिटल में इलाज जारी

जैसलमेर के देवीकोट कस्बे में शनिवार को फायर ब्रिगेड और बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर में बाइक सवार यूपी निवासी दिनेश कुमार घायल हो गया। घायल युवक को देवीकोट पीएचसी लाया गया जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे जैसलमेर स्थित जवाहिर हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। जवाहिर हॉस्पिटल में घायल दिनेश का इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। देवीकोट पुलिस चौकी के कॉन्स्टेबल पारस सिंह ने बताया- नगरपरिषद की फायर ब्रिगेड जैसलमेर से चोहटन स्थित सुइयां मेले के लिए जा रही थी। इस दौरान शनिवार दोपहर बाद करीब 4 बजे कस्बे के अंदर सड़क पर गाय सामने आने से बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया और वो फायर ब्रिगेड गाड़ी से भिड़ गया। भिड़ंत में बाइक सवार दिनेश कुमार (44) पुत्र अंगन प्रजापति, निवासी गुन्नौर, उत्तरप्रदेश के चोट आई। दिनेश यूपी का रहने वाला है और शुक्रवार को ही देवीकोट कस्बे में आया है। दिनेश बाइक पर घूम घूम कर कप-प्लेट आदि बेचने का काम करता है। एक्सीडेंट होने पर आसपास भीड़ इकट्ठी हो गई। दिनेश को इलाज के लिए पीएचसी देवीकोट ले जाया गया। हालांकि दिनेश के बाहर चोट नहीं है मगर सिर के अंदरुनी चोट होने की आशंका के चलते उसे जैसलमेर स्थित जवाहिर हॉस्पिटल रेफर किया गया। जहां उसका इलाज जारी है। देवीकोट पुलिस चौकी के कॉन्स्टेबल पारस सिंह ने बताया- हादसे को लेकर अभी तक कोई भी मामला दर्ज नहीं करवाया गया है। हमने जांच करके फायर ब्रिगेड को चोहटन मेले में ड्यूटी के लिए रवाना कर दिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *