बलौदाबाजार जिले के पलारी में भाद्रपद कृष्ण षष्ठी के अवसर पर हलषष्ठी व्रत का विशेष उत्साह देखा गया। शहर के शीतला मंदिर, शांति नगर, बघेल कॉलोनी और गांधी चौक समेत अलग-अलग मोहल्लों में माताओं ने सगरी भरकर पूजन किया। धर्माचार्य पंडित यादव प्रसाद त्रिपाठी ने शीतला मंदिर में आयोजित कथा सत्र में हलषष्ठी व्रत की महिमा बताई। उन्होंने कहा कि यह व्रत संतान की रक्षा और दीर्घायु के लिए फलदायी है। माताओं ने सगरी में जौ, चना, गुड़ और घी भरकर विधिपूर्वक पूजन किया। सामूहिक रूप से कथा सुनी ठाकुर देव चौक, महामाया चौक, रायपुर रोड, बलौदा बाजार रोड और बाल समुन्द रोड पर भी भक्तिमय माहौल रहा। कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से कथा सुनी। इसके बाद सगरी का आदान-प्रदान किया और पारंपरिक भोज का आयोजन किया। शीतला मंदिर की राजभारती, स्वाति, रानू, निराला, नंदनी और कल्पना ने बताया कि वे हर साल पूरी श्रद्धा से इस व्रत को करती हैं। पंडित जी ने व्रत के महत्व को विस्तार से समझाया।


