तरौद, पुटपुरा, लछनपुर व नैला में पुलिस मितान बूथ शुरू

भास्कर न्यूज | जांजगीर जांजगीर और बिलासपुर के बीच नेशनल हाईवे 49 पर तरौद, पुटपुरा और लछनपुर में पहली बार पुलिस मितान बूथ शुरू किए गए हैं। इन बूथों पर पुलिस जवान 24 घंटे तैनात रहेंगे। यह पहल एसपी विजय कुमार पाण्डेय द्वारा की गई है, जिससे हाईवे पर बढ़ते हादसों और अपराधों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। इसके माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल बनेगा और त्वरित सहायता सुनिश्चित होगी। ये बूथ सड़क हादसों, ट्रैफिक जाम और लोगों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। इन बूथों से आसपास के गांवों और यात्रियों को भी मदद मिलेगी, और किसी भी आपात स्थिति में लोग सीधे पुलिस से संपर्क कर सकेंगे। पुलिस मितान बूथों में वायरलेस सेट, प्राथमिक उपचार और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए ज़रूरी उपकरण उपलब्ध हैं। जवानों को हर समय सतर्क रहने और ज़रूरतमंदों की तुरंत मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग का मानना है कि इससे हादसों में कमी आएगी और ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी। इन बूथों का उद्घाटन विधायक ब्यास कश्यप द्वारा किया जाएगा। इस सुविधा से अपराध रोकने और कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने में मदद मिलेगी। अकलतरा में एसडीओपी कार्यालय की शुरुआत की गई है। इस कार्यालय के अंतर्गत बलौदा, अकलतरा और मुलमुला थाना क्षेत्र के गांव शामिल किए गए हैं। अब इन क्षेत्रों के लोगों को थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में एसडीओपी कार्यालय में शिकायत करने की सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीणों को न्याय के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। नैला रेलवे स्टेशन के पास शुरू की गई है सुविधा नैला रेलवे स्टेशन के पास कई बार घटनाएं हो चुकी हैं। स्टेशन के आसपास बदमाशों का जमावड़ा रहता था। ये लोग यात्रियों और सिवनी की ओर जाने वालों को परेशान करते थे। लगातार शिकायतों के बाद यहां पुलिस मितान बूथ शुरू किया गया है। विधायक ब्यास कश्यप, पूर्व विधायक नारायण चंदेल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे और एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने बूथ का शुभारंभ किया। अब स्टेशन क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बनी रहेगी। इससे यात्रियों को सुरक्षा मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *