मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा शक्ति अपनी पूरी क्षमता का उपयोग कर राज्य की प्रगति में योगदान दें। उत्कृष्ट राजस्थान, विकसित राजस्थान का संकल्प युवा शक्ति से ही संभव होगा। राज्य सरकार युवाओं के विकास और कल्याण के लिए काम कर रही है। पिछले एक साल में भ्रष्टाचार मुक्त भर्तियों ने सरकार पर युवाओं के विश्वास को फिर बहाल किया है। हमारी सरकार युवाओं को उनका हक दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रदेश के हित में काम करें, सपने देखें। उनके सपनों को पूरा करने में राज्य सरकार पूरी मदद करेगी। सीएम राज्य सरकार के एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को जोधपुर के मारवाड़ इंटरनेशनल सेन्टर में आयोजित रोजगार उत्सव व युवा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में होने वाले आयोजनों की रोजगार उत्सव एवं युवा सम्मेलन से शुरूआत की। 12 से 17 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों की थीम ‘निभाई जिम्मेदारी, हर घर खुशहाली’ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पेपरलीक माफियाओं के खिलाफ विशेष मुहीम चलाई और उनके नेटवर्क को तोड़ा। एसआईटी गठित की गई, जो कि पूरे माफिया तंत्र को जड़ से खत्म करने के लिए काम कर रही है। 17 दिसंबर को समापन समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी आएंगे। मुख्यमंत्री ने जोधपुर में 21 हजार बालिकाओं को स्कूटी वितरित की समारोह में मुख्यमंत्री ने 4 हजार 10 स्कूलों में 8 हजार 20 स्मार्ट क्लास रूम, ई-पाठशाला एवं विद्या समीक्षा केन्द्र, लर्न, अर्न एण्ड प्रोग्रेस प्रोग्राम, राजस्थान टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना, स्पोर्टस लाइफ इंश्योरेंस स्कीम एवं बिजनेस इनोवेशन प्रोग्राम की शुरुआत की। इससे प्रदेश में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जुड़ने के सुअवसर मिल सकेंगे। सीएम ने 155 स्टार्टअप को फंडिंग, एक लाख 25 हजार छात्राओं को साइकिल, 75 हजार 325 विद्यार्थियों को व्यवसायिक टूल किट, 23 हजार 100 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित की। कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना तथा देवनारायण छात्रा स्कूटी वितरण एवं प्रोत्साहन राशि योजना के अंतर्गत 21 हजार बालिकाओं को स्कूटी वितरित की। कार्यक्रम में आयुष्मान आरोग्य कार्ड, मेधावी छात्राओं को साइकिल, मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना के तहत दिव्यांगजन को ट्राईसाइकिल, व्हील चेयर एवं स्कूटी का वितरण किया गया।


