पंजाब के बरनाला जिले में स्वतंत्रता दिवस की सुबह एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। महल कला विधानसभा क्षेत्र के गांव पंडोरी में दीवारों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिख दिए। यह गांव आम आदमी पार्टी के विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी का है। स्थानीय लोगों ने नारे देखते ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर नारों को मिट्टी से ढकवा दिया। महलकलां थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शेरविंदर सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अकाली दल के नेता नाथ सिंह हमीदी ने इस घटना की गहन जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।


