बलौदाबाजार में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह के साथ मनाया गया। पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिजनों सहित 64 अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सांसद ने अपने संबोधन में वीर शहीदों के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में असंख्य लोगों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए जिले के नागरिकों से देश की प्रगति में योगदान का आह्वान किया। सांस्कृतिक प्रोग्राम का आयोजन कार्यक्रम में लक्ष्मी ठाकुर, सावित्री सोनी और वीर शहीद युगल किशोर वर्मा के परिजनों को शाल-श्रीफल से सम्मानित किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और नृत्यों की प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में पंडित लक्ष्मी प्रसाद तिवारी कन्या विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मार्च पास्ट में जिला पुलिस बल प्रथम, एनसीसी द्वितीय और स्काउट गाइड तृतीय स्थान पर रहे। राजस्व, पुलिस, वन, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के 64 अधिकारियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया।


