आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के एक पुराने वीडियो ने पंजाब की राजनीति में नया भूचाल खड़ा कर दिया है। वीडियो में सिसोदिया यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि चुनाव जीतने के लिए “साम, दाम, दंड, भेद, जो भी करना पड़े, किया जाएगा। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, पंजाब के कई नेताओं ने इसे साझा कर AAP पर तीखे हमले शुरू कर दिए। इस वीडियो को साझा करने वालों में शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल तथा जालंधर कैंट से कांग्रेस विधायक सरदार परगट सिंह सहित कई नेता शामिल हैं। नेताओं ने सिसोदिया के बयान को पंजाब की राजनीति और लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताया है और चुनाव आयोग से सख्त कार्रवाई की मांग की है। सुखबीर सिंह बादल का तीखा प्रहार सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि आम आदमी पार्टी का असली चेहरा अब उजागर हो चुका है। AAP अब सत्ता के लालच में किसी भी हद तक जाने को तैयार है। झूठ, धोखा, फरेबी वादों और गंदी राजनीति से लेकर दंगे और हिंसा तक उनकी मंशा साफ हो चुकी है। यह बात उनके ही शीर्ष नेता सिसोदिया ने खुले तौर पर मान ली है। उन्होंने याद दिलाया कि 2014 में AAP के पंजाब में आने के बाद 2015 से बेअदबी की घटनाओं की शुरुआत हुई थी। 2016 मलेरकोटल बेअदबी मामले में उनके ही एक विधायक को दोषी करार दिया गया था। इससे साफ हो जाता है कि उन घटनाओं के पीछे कौन था। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP ने पंजाबियों की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ कर भाईचारे को तोड़ने और अकाली दल को कमजोर करने की साजिश रची। बादल ने चुनाव आयोग से मांग की कि इस मामले का तुरंत संज्ञान लिया जाए। उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया की भ्रष्टाचार मामले में मिली जमानत रद्द की जानी चाहिए और AAP को पंजाब की राजनीति से प्रतिबंधित कर देना चाहिए ताकि राज्य को फिर से खून-खराबे की ओर धकेलने से रोका जा सके। परगट सिंह ने AAP को बताया गुंडों की पार्टी इधर, जालंधर कैंट के कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री व पूर्व हॉकी खिलाड़ी सरदार परगट सिंह ने भी अपने सोशल मीडिया पर यह वीडियो साझा करते हुए AAP पर जमकर हमला बोला। उन्होंने लिखा- AAP दिल्ली की लीडरशिप ने खुद स्वीकार कर लिया है कि वह 2027 के चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जाएगी। आप के लिए झूठ, फरेब और गुंडागर्दी तक आम बात है। आम आदमी पार्टी अब गुंडों और सत्ता-लोभी नेताओं की ब्रिगेड बन चुकी है। यह पंजाब और लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है। परगट सिंह ने कहा कि पंजाब जैसे संवेदनशील राज्य में इस तरह के बयान बेहद खतरनाक हैं। जो पार्टी खुलेआम कहे कि चुनाव जीतने के लिए किसी भी हथकंडे का इस्तेमाल करेगी, उस पर भरोसा कैसे किया जा सकता है? यह सीधे तौर पर लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है।


