शिवपुरी में शनिवार काे राजस्व और माइनिंग विभाग की टीम ने अवैध रेत-गिट्टी और ईंटों के फड़ पर कार्रवाई की। टीम में एसडीएम उमेश कौरव, तहसीलदार भूषण शर्मा सहित माइनिंग इंस्पेक्टर सोनू श्रीवास और कर्मचारी शामिल थे। शिवपुरी एसडीएम उमेश कौरव ने बताया कि शहर में अवैध रूप से खनिज भंडारण की शिकायत कलेक्टर से की गई थी। इसके बाद आज उनके निर्देश पर शहर के इंडस्ट्रीज एरिया के दिव्यांश इंडस्ट्रीज पर कार्रवाई की गई। यहां संचालक मनोज राठौर द्वारा पत्थर की फर्शी का भंडारण बिना परमिशन के किया गया था। इसी क्षेत्र में मनीष पिता रामकिशन के अवैध फर्श के फड़ और हितेंद्र राठौड़ के अवैध फर्श के फड़ पर कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त फतेहपुर क्षेत्र में जैन कंस्ट्रक्शन पर अवैध रूप से रेत का भंडारण पाया गया। यहां से टीम को 15 घन मीटर गिट्टी, 15 घन मीटर रेत और 20 घन मीटर एम. सेंड अवैध रूप से भंडारित मिली। प्रशासनिक अमले ने पूरे सामान को जब्त कर लिया। इधर, सिद्धेश्वर क्षेत्र में बिल्डिंग मटेरियल संचालक द्वारा शासकीय भूमि पर खनिज का भंडारण किया गया था। रखा गया था। यहां स्वीकृत क्षेत्र से बाहर सरकारी जमीन पर 850 फीट गिट्टी, 800 फीट एम सेंड, 6500 ईंट भंडारित की गई थी। एसडीएम उमेश कौरव ने बताया कि खनिज जब्त कर प्रकरण बनाकर कलेक्टर न्यायालय भेजा गया हैं।


