आदित्यपुर पुलिस ने इंडस्ट्रियल एरिया फेज 6 स्थित शांति सीमेंट कंपनी में हुई चोरी और सालडीह बस्ती में हुई फायरिंग के मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह औद्योगिक कंपनियों को निशाना बनाता था शांति सीमेंट कंपनी में हुई चोरी के मामले में चार आरोपी पकड़े गए हैं। इनमें बादल गोप, अनंत प्रधान, राजू दास और विकास सिंह शामिल हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 5 क्विंटल 16 एमएम का लोहे का छड़ बरामद किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह इलाके की औद्योगिक कंपनियों को निशाना बनाता था। शंभू महतो पर जानलेवा हमले के मामले में आकाश सिंह सरदार गिरफ्तार वहीं, सालडीह बस्ती में 14-15 अगस्त की रात शंभू महतो पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने आकाश सिंह सरदार को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है। आरोपी ने पूछताछ में वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने शनिवार को बताया कि सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया है। इन गिरफ्तारियों से क्षेत्र में चोरी और फायरिंग की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।