फाजिल्का में स्कूटी टक्कर को लेकर हुआ विवाद हिंसक रूप ले लिया। सूरज सिंह नाम के व्यक्ति ने 10-12 साथियों के साथ एक लेबोरेटरी में घुसकर जीजा-साले पर हमला कर दिया। घटना अबोहर के सीड फार्म की है। पीड़ित अरुण कुमार ने बताया कि उनकी स्कूटी की टक्कर सूरज सिंह से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई। बाद में वह अपने साले साजन के साथ दूसरे साले बापल की लेबोरेटरी पर गए। इसी दौरान सीड फार्म पक्का के रहने वाले सूरज सिंह अपने साथियों के साथ तेजधार हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे। उन्होंने पहले तोड़फोड़ की और विरोध करने पर हमला कर दिया। हमले में घायल लोगों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। सिटी वन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 332, 307, 324, 115(2), 191(3), 190 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। किसान नेता सुखजिंदर राजन और इंद्रजीत भंडारी ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की है।