गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में एक ओझा की कुल्हाड़ी से वारकर हत्या कर दी गई। डहुपानी पंचायत के बाजरा गांव के जंगल में 55 वर्षीय जीतूराम नगेसिया का शव मिला। मृतक के पुत्र सूर्यपाल राम नागेसिया के अनुसार, उनके पिता झाड़फूंक का काम करते थे। घटना वाले दिन दो अनजान व्यक्ति उनसे मिलने आए थे। इसके बाद वह बिना कुछ बताए जंगल की ओर चले गए। रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने सुबह खोजबीन की। जंगल में उनका लहूलुहान शव मिला। परिजनों का मानना है कि झाड़फूंक करने के कारण ही उनकी हत्या की गई है। शनिवार को पालकोट थाने में इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है। एसडीपीओ नाजिर अख्तर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह धारदार हथियार से की गई हत्या प्रतीत होती है। मामले की जांच जारी है।


