पीएचईडी का उपभोक्ताओं से 7.90 करोड़ रुपए बकाया पिछले 15 सालों से चल रहा है। विभाग समय पर न उपभोक्ताओं को बिल दे पा रहा है न ही पर्याप्त पानी सप्लाई। एक तरफ उपभोक्ताओं को पानी के भारी भरकम बिल थमाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पानी सप्लाई को लेकर सर्दियों में भी किल्लत है। विभाग की ओर से इस वित्तीय वर्ष में अब तक महज 60.52 लाख रुपए ही वसूल किए है। जलदाय विभाग का सरकारी कार्यालयों से 85.89 लाख का बकाया पिछले 15 सालों से चल रहा है। सबसे अधिक बकाया नगर खंड बाड़मेर का चल रहा है। नगर खंड कार्यालय की उपभोक्ताओं से 6 करोड़ 76 लाख 73 हजार की वसूली अटकी पड़ी है। साउथ डिविजन का 14.47 लाख तथा राइजेप खंड का 17.87 लाख का बकाया 12 साल बाद भी नहीं वसूला गया। बाड़मेर नगर परिषद से 71.53 लाख रुपए के लिए नगर खंड कार्यालय हर तिमाही में नोटिस जारी कर रहा है लेकिन परिषद बजट नहीं होने के हवाला देते हुए टाल देता है। ऐसे में वसूली शून्य है। वहीं केंद्रीय बस स्टैंड से 14.43 लाख की वसूली के कई नोटिस जारी किए गए लेकिन रोडवेज विभाग नगर परिषद की ओर से बिल राशि जमा कराने का हवाला देते हुए राशि जमा नहीं करा रहा है। ऐसे में पीएचईडी विभाग अब सख्ते में आ गया है। विभाग की ओर से इस साल वसूली अभियान भी नहीं चलाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पानी व बिल समय पर नहीं दे पा रहे है ऐसे में वसूली करना भारी पड़ सकता है। जलदाय विभाग बिल ही वितरण नहीं कर रहा जलदाय विभाग की ओर से एक-एक साल तक उपभोक्ताओं को पानी के बिल ही वितरण नहीं किए जा रहे हैं। ऐसे में उपभोक्ता पानी का बिल नहीं भर रहे हैं। कच्ची बस्तियों में तो पानी की लाइनें ही क्षतिग्रस्त पड़ी है। समय पर पानी के लीकेज भी ठीक नहीं हो रहे है। इसी वजह से उपभोक्ताओं में नाराजगी है। बिल वितरण का काम ठेके पर दिया गया है, लेकिन बिल छपाई के बाद वितरण नहीं होते। बिल नहीं भरने वालों की संपति होगी कुर्क बाड़मेर शहर में ऐसे भी उपभोक्ता है, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद आज दिन तक बिल भी नहीं भरा है। इसके अलावा 30 ऐसे उपभोक्ता है, जिनके 1-1 लाख से अधिक की राशि बकाया है। अब पीएचईडी की ओर से इन्हें नोटिस जारी कर वसूली के आदेश दिए है। 1 लाख से अधिक बकाया वाले 10 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे है वहीं वसूली के लिए कुर्की के भी आदेश दिए गए है। ऐसे में अब समय पर पानी बिल नहीं भरने वालों से संपत्ति कुर्क की वसूली की जाएगी। सदर थाने का कनेक्शन काटा पीएचईडी नगर खंड कार्यालय का उपभोक्ताओं से 6.90 करोड़ का बकाया चल रहा है। इसमें सामान्य उपभोक्ताओं से 5 करोड़ 66 लाख 55 के विरुद्ध महज 54.17 लाख राशि वसूली गई है। सदर थाना से 12 लाख 86 हजार की वसूली के कई नोटिस जारी किए गए। इसके बाद विभाग की ओर से थाने का कनेक्शन काटा गया है। वहीं विभाग सबसे अधिक नगर परिषद से 71.53 लाख रुपए बकाया चल रहा है। रोडवेज डिपो 14.5 लाख, राजकीय कार्यालयों से 14.36 लाख, औद्योगिक प्रतिष्ठानों से 56.63 का बकाया चल रहा है। नगर खंड एईएन कार्यालय के 29 उपभोक्ताओं से एक लाख से 5 लाख के बीच का बकाया चल रहा है तो 5 लाख से अधिक के 3 उपभोक्ता है। विभाग की ओर से शहर में एक लाख से अधिक बकाया वाले 9 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए है। इन 30 उपभाेक्ताओं के 1 लाख से अधिक का बिल बकाया सदर थाना 1.28 लाख, दमाराम के 2.89 लाख, मदनसिंह के 1.75 लाख, महावीर केमिकल्स 2.12 लाख, मैसर्स राठी इंडस्ट्रीज 1.46 लाख, मैसर्स बालको 1.93 लाख, जगदीश चंद 1.78 लाख, हनुमानदास जसमतिया 1.35 लाख, भाखरसिंह रिड़मलसिंह 1.21 लाख रुपए बकाया होने पर पीएचईडी की ओर से कनेक्शन काटे गए है। वहीं सचिव जिला परिषद से 1.67 लाख, पंचायत समिति 1.96 लाख, पीडब्ल्यूडी से 3.33 लाख, आदर्श स्टेडियम नगर परिषद 2.42 लाख, मेघाराम 3.18 लाख, जहूरखां 2.81, सांगाराम 2.42 लाख, दुर्जनसिंह 1.54 लाख, धनाराम 1.93 लाख, मैसर्स लक्ष्मी मिनरल 1.92 लाख, तापड़िया फूड प्रोडेक्टर 1.41 लाख, तापड़िया मसाला उद्योग 2.42 लाख, रिद्धि सिद्धि मिनरल इंडस्ट्रीज 1.29 लाख, शिव हेड रिपेयर्स 1.58 लाख, जितेंद्र मोटर्स 1.43 लाख, किमतमल 1.16 लाख, मदनकुमार 1.25 लाख, अपना आवास वेलफेयर सोसायटी 3.20 लाख, गोवरमल 1.11 लाख तथा मुख्य प्रबंधक रोडवेज न्यू बस स्टैंड से 14.04 लाख रुपए का बकाया चल रहा है। 11 नवंबर से अभियान शुरू किया है। बकाया वाले उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर रहे हैं। दस के कनेक्शन भी काटे है। करीब 6 करोड़ से ज्यादा की बकाया है। अब टीमें बनाकर वसूली की जाएगी। – चंद्रेश चौधरी, एक्सईएन, नगर खंड बाड़मेर। इधर… अवैध कनेक्शन से डिग्गियां भरी, फसलों की कर रहे सिंचाई, 25 के खिलाफ मामला दर्ज राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे निबसरा आगोरिया के 2 दर्जन से अधिक किसान पानी चोरी करके लाखों रुपए कमा रहे हैं। किसानों ने खेतों में इसबगोल, जीरे व अरंडी की फसल उगाई हैं। बुधवार व गुरुवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी की टीमों ने कार्रवाई करते हुए 25 पानी चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की। इंदिरा गांधी नहर से मोहनगढ़ से आने वाली बाड़मेर लिफ्ट कैनाल की मुख्य पाइप लाइन को पानी चोरों ने निशाना बनाते हुए उसमें सेंध लगाकर 2 से 3 इंच के अवैध कनेक्शन लेकर फसलें उगाना शुरू कर दिया। साथ ही खेतों में बड़ी बड़ी डिग्गियां बनाकर नहरबंदी या क्लोजर के वक्त पानी का जुगाड़ कर दिया है। इतना ही नहीं किसानों ने डमी नलकूप तक बना लिए हैं। जलदाय विभाग के एसई हजारीराम बालवा के निर्देशन में अधिशाषी अभियंता खंड मोहनगढ़ नरेंद्रसिंह भाटी के सुपरविजन में बाड़मेर लिफ्ट परियोजना की एक हजार एमएम व्यास की मुख्य पाइपलाइन पर अवैध कनेक्शन कर खेती करने की शिकायत पर सहायक अभियन्ता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग मोहनगढ़ एवं संवेदक गोदारा कंस्ट्रक्शन कंपनी की संयुक्त टीम ने सरहद निम्बासर एवं आगोरिया में 2 से 4 इंची तक साइज के 25 अवैध कनेक्शन काटे। इन कनेक्शन से प्रतिदिन 25 से 30 लाख लीटर पेयजल की चोरी करके अवैध तरीके से खेती की जा रही थी। पानी चोरी के मुख्य सरगना गोमाराम पुत्र जोगाराम निवासी निम्बासर के 8 कनेक्शन, प्रहलादसिंह आगोरिया के 2 कनेक्शन, हड़वंत सिंह आगोरिया, गफूर खान पुत्र फरीदखान, खमीशा खान पुत्र जीवण खान, मीरा खान पुत्र मोहम्मद खान, परबतसिंह पुत्र बागसिंह, रुघ सिंह पुत्र बागसिंह, हमसिंह पुत्र रुघसिंह, मुल्तानसिंह पुत्र गोरधनसिंह, भरतसिंह पुत्र दीपसिंह के एक-एक कनेक्शन काटे। इन सभी पानी चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करवाकर भारी जुर्माना वसूला जाएगा।


