सरगुजा जिले के ग्राम कटिंदा में स्टाप डेम में नहाने गए ममेरे भाई-बहन गहरे पानी में डूब गए। दोनों अन्य बच्चों के साथ दोपहर करीब 3.30 बजे नहाने के लिए गए थे। साथ गए अन्य बच्चों की सूचना पर ग्रामीणों ने दोनों के शवों को बाहर निकाला और हॉस्पिटल पहुंचाया, तब तक उनकी मौत हो गई थी। डूबे बच्चों में एक का आज ही जन्मदिन भी था। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम गणेशपुर निवासी मनोज दास का पुत्र राहुल दास (13 वर्ष) अपनी बुआ के घर ग्राम कटिंदा जन्मदिन मनाने गया हुआ था। राहुल दास का जन्मदिन आज ही था। शनिवार को मनोज दास अपनी बुआ की पुत्री संजना दास पिता रघु दास (12 वर्ष) के साथ खेलने निकला था। दोनों अन्य 4 बच्चों के साथ खेलते हुए दोपहर करीब 3.30 बजे गांव के बाहर राजा मुड़ा स्टाफ डेम पहुंच गए। नहाने के दौरान डूबे दोनों बच्चे
राहुल दास एवं संजना दास अन्य बच्चों के साथ नहाने के लिए स्टाप डेम में उतरे। वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। अन्य बच्चों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन बाहर नहीं निकाल सके तो बच्चे भागकर गांव में पहुंचे एवं परिवारजनों को घटना की जानकारी दी। परिवारजन एवं ग्रामीण भागकर मौके पर पहुंचे और दोनों को स्टाप डेम से बाहर निकाला। दोनों को डायल 112 के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया है। कल होगा शवों का पोस्टमॉर्टम
दोनों बच्चों को हॉस्पिटल लाया गया, तब तक शाम हो चुकी थी। इस कारण दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमॉर्टम आज नहीं हो सका। रविवार को दोनों बच्चों का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। डूबे दोनों बच्चे छठवीं एवं सातवीं के छात्र थे। घटना से परिवारजन सदमें में हैं। लखनपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।


