सिसोदिया के VIDEO पर पंजाब में घमासान:बोले- 2027 का चुनाव जीतने के लिए सच-झूठ, लड़ाई-झगड़ा, जो करना पड़े, करेंगे; CM मान हंसते दिखे

आम आदमी पार्टी (AAP) के इंचार्ज और दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया के एक वीडियो पर पंजाब में बवाल मच गया है। 13 अगस्त को मोहाली में हुई महिला विंग की वर्कशॉप में उन्होंने कहा कि 2027 को चुनाव जीतने के लिए हम कुछ भी करेंगे। यह वीडियो AAP ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी डाला है। वीडियो में सिसोदिया कह रहे हैं- AAP के सभी काम लेकर महिला टीम घर-घर जाएंगी। महिला विंग का असली पड़ाव है, 2027 का चुनाव जितवाना। 2027 का चुनाव जितवाने के लिए साम, दाम, दंड, भेद, सच-झूठ, क्वेश्चन-आंसर, लड़ाई-झगड़ा जो करना पड़े, करेंगे। क्या आप लोग तैयार हैं? कार्यक्रम में पंजाब के CM भगवंत मान और AAP प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा भी मौजूद थे। सिसोदिया के इस बयान के बाद भगवंत मान बगल में बैठे अमन अरोड़ा की तरफ देखकर हंसते दिखे। यह वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष के नेताओं ने AAP को घेरना शुरू कर दिया है। शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रधान व पूर्व डिप्टी CM सुखबीर बादल ने चुनाव आयोग को एक्शन लेने को कहा है। उन्होंने सिसोदिया की जमानत रद्द करने की भी मांग की। पंजाब कांग्रेस के प्रधान सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि यह दिल्ली नहीं है। पंजाबी रगड़कर रख देंगे। कांग्रेस MLA परगट सिंह ने कहा कि AAP के ये इरादे पंजाब जैसे संवेदनशील राज्य के लिए खतरनाक हैं। कार्यक्रम में मनीष सिसोदिया की अहम बातें…. अब जानिए विपक्ष ने सिसोदिया के वीडियो पर क्या कहा… सुखबीर बादल बोले- यह AAP का असली चेहरा
SAD प्रमुख सुखबीर बादल ने कहा कि आम आदमी पार्टी का असली चेहरा अब उजागर हो चुका है। AAP अब सत्ता के लालच में किसी भी हद तक जाने को तैयार है। झूठ, धोखा, फरेबी वादों और गंदी राजनीति से लेकर दंगे और हिंसा तक उनकी मंशा साफ हो चुकी है। यह बात उनके ही शीर्ष नेता सिसोदिया ने खुले तौर पर मान ली है। उन्होंने कहा- 2014 में AAP के पंजाब में आने के बाद 2015 से बेअदबी की घटनाओं की शुरुआत हुई थी। 2016 मलेरकोटला बेअदबी मामले में उनके ही एक विधायक को दोषी करार दिया गया था। इससे साफ हो जाता है कि उन घटनाओं के पीछे कौन था। AAP ने पंजाबियों की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ कर भाईचारे को तोड़ने और अकाली दल को कमजोर करने की साजिश रची। वड़िंग बोले- यह पंजाब है, दिल्ली नहीं
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष राजा वड़िंग ने कहा- मनीष सिसोदिया एक बात समझ लें कि यह पंजाब है, दिल्ली या कोई अन्य प्रदेश नहीं है। पंजाब के साथ जिसने भी धक्काशाही करने की कोशिश की है, उसे पंजाब के लोगों ने रगड़ कर रख दिया है। उन्होंने कहा- पंजाब में मुगल भी आए थे। उन्हें भी यहां से हार का चेहरा देखना पड़ा था। यहां हाथ जोड़कर आप कुछ भी करवा सकते हैं। जैसे पिछली बार लोगों को बेवकूफ बना लिया, लेकिन जिसने यहां जबरदस्ती करने की कोशिश की है, उसे पंजाबियों ने छोड़ा नहीं। सिसोदिया ने किस खुशी में अपने ये भाव उजागर किए हैं, यह उन्हें ही पता होगा। सुनील जाखड़ ने कहा- चुनाव आयोग को​ पत्र लिखा
पंजाब BJP के प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा कि आप नेता मनीष सिसोदिया का वीडियो वायरल होने के बाद हमने चुनाव आयोग को पत्र लिखा, ताकि आम आदमी पार्टी के चुनाव प्रक्रिया को कमजोर करने के प्रयासों को रोका जा सके। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि चुनाव जीतने के लिए किसी भी हथकंडे के इस्तेमाल की खुलेआम चर्चा करने वाले लोग पंजाब के माहौल को बिगाड़ने या राज्य को नुकसान पहुंचाने के लिए किस हद तक जा सकते हैं। विधायक परगट सिंह बोले- AAP गुंडों की ब्रिगेड
जालंधर कैंट के कांग्रेस विधायक सरदार परगट सिंह ने कहा- AAP की लीडरशिप ने खुद स्वीकार कर लिया है कि वह 2027 के चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जाएगी। AAP के लिए झूठ, फरेब और गुंडागर्दी आम बात है। AAP अब गुंडों और सत्तालोभी नेताओं की ब्रिगेड बन चुकी है। यह पंजाब और लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है। उन्होंने कहा- पंजाब जैसे संवेदनशील राज्य में इस तरह के बयान बेहद खतरनाक हैं। जो पार्टी खुलेआम कह रही है कि चुनाव जीतने के लिए किसी भी हथकंडे का इस्तेमाल करेगी, उस पर भरोसा कैसे किया जा सकता है? यह सीधे तौर पर लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *