आयकर विभाग उदयपुर की ओर से स्थानीय कार्यालय में सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें टैक्स कार्यों में आ रही समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई। सेमिनार में उदयपुर शहर और आसपास से आए आयकरदाताओं को इनकम टैक्स अधिकारियों ने आवश्यक जानकारी साझा की। कार्यक्रम में आयकर निदेशक अजेय मलिक ने कहा कि देश की प्रगति के लिए आयकर विभाग करों के माध्यम से राजस्व एकत्रित करता है। देश की अर्थ व्यवस्था में आयकर विभाग एक आधार स्तंभ है। उन्होंंने आयकरदाताओं से आह्वान किया कि समय पर आयकर भरने से देश के विकास कार्यों में तेजी आती है और इसका फायदा देश को मिलता है। इसलिए जागरूक नागरिक होने का कर्तव्य निभाएं। आयकर अधिकारी अनिल भंभानी ने बताया कि ई सत्यापन योजना 2021 और एसएफटी फाइलिंग से जुड़ी विभिन्न जानकारियां और बारीकियों को लेकर चर्चा की गई। सेमिनार में आयकर के नए नियमों के बारे में आयकरदाताओं को समझाया। ताकि रिटर्न के दौरान किसी तरह की परेशानी ना हो। साथ बजट में किए बदलावों को भी बताया। इस अवसर पर टैक्स बार एसोसिएशन, चार्टर्ड अकाउंटेंट, चैंबर ऑफ कॉमर्स, स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन सहित विभिन्न प्रतिष्ठित व्यापारिक संगठन, कर सलाहकार, उद्यमी, बैंक प्रतिनिधि आदि मौजूद रहे।


