पंजाब के अमृतसर जिले के गांव खानोंकोट सरदारांवाला में दूषित पानी पीने से दो से तीन लोगों की मौत हो गई है। 25 से अधिक लोगों की तबीयत खराब है और उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सरकारी पाइपलाइन से आने वाले पानी में सीवरेज का गंदा पानी मिल रहा है, जिसकी वजह से लोग गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। गांव के लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से इस समस्या को लेकर प्रशासन को शिकायतें देते आ रहे हैं, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने तुरंत कदम नहीं उठाए तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। सिविल सर्जन डॉ. किरणदीप कौर ने स्वयं मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। घर-घर जाकर पानी के सैंपल लिए गए हैं। लोगों को दवाइयां और क्लोरीन की गोलियां वितरित की जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि रिपोर्ट आने तक पानी को उबालकर ही पिएं। इतना ही नहीं, अगर किसी को डायरिया की शिकायत होती है तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। अगर लापरवाही सामने आई तो कार्रवाई होगी
सिविल सर्जन डॉ. किरणदीप कौर का कहना है कि दूषित पानी पीने से गांव में मौतें की जानकारी मिली है। दो मौतें तो गांव वालों ने बताया कि दस्त व उल्टियों के कारण हुईं। जांच के लिए पानी के सैंपल लिए गए हैं। फिलहाल ग्रामीणों को दवाइयां दी जा रही हैं। लोगों से अपील है कि यदि किसी को डायरिया या अन्य लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नज़दीकी अस्पताल में इलाज करवाएं। यदि इस मामले में किसी अधिकारी की लापरवाही पाई जाती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


