गोड्डा जिले में कृष्ण अष्टमी विसर्जन कार्यक्रम के दौरान लापता हुआ किशोर गुलशन कुमार (16) मृत अवस्था में मिला। गुलशन बलबड्डा थाना क्षेत्र के कोकरा गांव का रहने वाला था। उसका शव सोमवार को हेटबंधा पोखर से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना पोखर में शव दिखने पर ग्रामीणों ने तुरंत ललमटिया थाना को इसकी जानकारी दी। सूचना पाकर थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह के निर्देश पर सब-इंस्पेक्टर प्रभाष दास दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। परिजनों के अनुसार, गुलशन 17 अगस्त को कृष्ण अष्टमी विसर्जन कार्यक्रम देखने गया था। शाम तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों ने बताया कि देर रात तक कोई सुराग नहीं मिलने के बाद अगले दिन 18 अगस्त की सुबह बलबड्डा थाना में लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। किशोर का शव पोखर से मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग इस घटना को लेकर हैरान हैं और मौत की असली वजह जानने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे बेटे की मौत की वजह स्पष्ट करने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई जारी पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।


