फाजिल्का में पुलिस ने एक युवक को 25 किलो 400 ग्राम पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। यह कार्रवाई अबोहर में थाना बहाववाला पुलिस ने की है। घटना 19 अगस्त की देर शाम की है। एसआई अमरीक सिंह पुलिस टीम के साथ गांव खैरपुर के पास गश्त कर रहे थे। इस दौरान एक सफेद स्कॉर्पियो आती दिखी। पुलिस ने गाड़ी को रोकने का इशारा किया। ड्राइवर घबरा गया और गाड़ी खैरपुर की तरफ मोड़ ली। पुलिस ने पीछा किया तो दो युवक गाड़ी से कूदकर भाग गए। एक युवक को पकड़ लिया गया। स्कॉर्पियो की तलाशी में 25 किलो 400 ग्राम पोस्त मिली। पकड़े गए आरोपी की पहचान विक्रम के रूप में हुई है। फरार हुए आरोपियों में गोबिंद निवासी खैरपुर और सुग्रीव निवासी बीडी खाजूवाला, बीकानेर (राजस्थान) शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


