भास्कर संवाददाता | चूरू निकटवर्ती घांघू गांव में शुक्रवार देर शाम करीब आधे घंटे बारिश हुई। इस दौरान ओले भी गिरे। उधर, सादुलपुर में भी शाम को 30 एमएम बारिश हुई। बारिश के बाद शनिवार को दिनभर सर्द हवा चली, जिससे तेज धूप से भी राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम 18.6 एवं न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री रहा। इससे पहले शुक्रवार को अधिकतम 16.4 एवं न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री था। इस तरह 24 घंटे में दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई। रात के पारे में 7 डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। सिंचाई विभाग के अनुसार शुक्रवार दोपहर से शनिवार सुबह 8.30 बजे तक चूरू में 5, सरदारशहर में 2, राजगढ़ में 30, तारानगर में 5 व सिद्धमुख में 12 एमएम बारिश हुई। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार 29 दिसंबर से चूरू सहित आसपास के जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। ऐसे में रात के तापमान में गिरावट होगी। कहीं-कहीं कोहरे की संभावना भी बनी रहेगी।


