पंजाब में रूपनगर जिले के नूरपुर बेदी थाना क्षेत्र के गांव नोधे माजरा से गुरुवार रात एक महिला की धारदार हथियारों से वार कर हत्या कर दी गई। शुक्रवार की सुबह महिला का अर्धनग्न शव घर से कुछ दूर पड़ा मिला। मृतका की पहचान मनजिंदर कौर पत्नी कुलदीप सिंह, निवासी सिंबल माजरा के रूप में हुई है। मनजिंदर कौर अपने पैतृक गांव नोधे माजरा आई हुई थी। देर रात अज्ञात हमलावर ने उस पर तेजधार हथियार से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आज सुबह करीब 6 बजे जब ग्रामीण खेतों की तरफ निकले तो महिला का शव घर से कुछ दूरी पर खून से लथपथ पड़ा मिला। मृतका के शरीर पर सलवार नहीं थी, जिससे वारदात की गंभीरता और बढ़ गई है। हत्या की वजह का नहीं चल सका पता घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना नूरपुर बेदी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। इस वारदात गांव के लोग दहशत में हैं और महिला की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस के अनुसार, हत्या के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा।


