भास्कर न्यूज | राजनांदगांव भारी बारिश की वजह से गढ़चिरौली के 112 गांव मुख्यालय से कट गए हैं। इनमें से कई गांव ऐसे हैं, जो चारों तरफ से बाढ़ में घिरकर टापू में तब्दील हो गए हैं। इन गांवों के लोगों के सामने बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं हैं। लोग करीब चार दिन से अपने घरों में ही मौजूद हैं। इसी बीच भामरागढ़ तहसील के अरवेड़ा गांव के महिला स्वास्थ्य कर्मी की गंभीर रुप से बीमार होने की सूचना पुलिस को मिली। अरवेड़ा क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को बताया कि गांव पर्लकोटा नदी में आए बाढ़ की वजह से मुख्यालय से कट गया है। गांव में स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ स्वास्थ्य कर्मी सीमा बांबोले गंभीर रुपसे बीमार है। जिसे तत्काल इलाज की जरूरत है। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए अपना हेलीकॉप्टर गांव में भेजा। जहां से स्वास्थ्य कर्मी सीमा बांबोले को गढ़चिरौली लाया गया। जहां उन्हें इलाज के लिए हास्पिटल में दाखिल कर दिया गया है।


