हरियाणा के कुरुक्षेत्र में CIA-1 ने मूसेवाला के हत्यारे जग्गू भगवानपुरिया के साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुखमीत पाल निवासी भीखोवाल जिला गुरदासपुर पंजाब के रूप में हुई है। सुखमीत पाल ने 2 सप्ताह पहले पकड़े गए रजत निवासी अटवान को असला मुहैया करवाया था। जानकारी के मुताबिक, 5 अगस्त को CIA-1 की टीम सेक्टर-8 चौक के पास गश्त पर थी। इस दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि सेक्टर-10 में एक युवक किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे काबू कर लिया। 2 पिस्टल और 9 कारतूस बरामद पूछताछ में आरोपी की पहचान रजत निवासी अटवान के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2 देसी पिस्टल व 9 कारतूस बरामद हुए थे। आरोपी के खिलाफ थाना शहर थानेसर में ARMS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया था। आरोपी रजत के खिलाफ मारपीट, झगडा और हत्या की कोशिश के 4 केस दर्ज हैं। जेल में बंद मिला सुखमीत CIA-1 के इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी रजत ने पूछताछ में कबूल किया कि सुखमीत पाल ने उसे असला उपलब्ध कराया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सुखमीत पाल को कोर्ट से प्रोडक्शन पर लेकर गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को दोबारा जेल भेज दिया गया। अभी मामले की जांच चल रही है। 2 साल पहले पकड़ा गया जग्गू भगवानपुरिया के साथी सुखमीत को हथियार सप्लाई के आरोप पकड़ा गया था। करीब 2 साल पहले अंबाला STF ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर्स को शाहाबाद से हथियारों के साथ काबू किया था। पूछताछ में खुलासा होने पर जगदीप उर्फ जग्गू और उसके साथी सुखमीत को पंजाब की जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया था। जग्गू पर भी कुरुक्षेत्र में केस दर्ज जग्गू का नाम मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से जुड़ा हुआ है। जिला जेल कुरुक्षेत्र में 24 अक्टूबर 2023 को जग्गू से बटन वाला मोबाइल बरामद हुआ था। हालांकि मोबाइल टूटा हुआ था। पूछताछ में जग्गू ने कबूल किया था कि उसने मोबाइल इस्तेमाल किया था। जेल के बाहर से मोबाइल बाउंड्री में फेंका गया था।


