ट्रेन 18611 रांची-बनारस एक्सप्रेस की रेक उपलब्धता के आधार पर बुधवार और रविवार को रांची से गोमती नगर (लखनऊ) के लिए द्वि-साप्ताहिक रेल सेवा प्रारंभ करने की मांग जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने दक्षिण-पूर्व रेलवे से की है। उन्होंने पत्र में कहा है कि एसईआर की इस पहल से रांची से अयोध्या के लिए पहली बार सीधी रेल सेवा उपलब्ध होगी, जिससे श्रद्धालु राम जन्मभूमि के दर्शन के लिए सुलभ यात्रा कर सकेंगे। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली व छठ जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को ध्यान में रखते हुए प्रारंभिक चरण में इस सेवा को स्पेशल ट्रेन के रूप में संचालित करने पर भी गंभीरतापूर्वक विचार आवश्यक है, ताकि यात्रियों की भीड़ का प्रबंधन करते हुए रेलवे राजस्व में भी वृद्धि हो सके।


