भास्कर न्यूज| महासमुंद बागबाहरा ब्लॉक ग्राम पंचायत छुईहा के आश्रित ग्राम में फिरगी में मवेशियों के अवैध तस्करी को लेकर उपजे विवाद के कारण तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है। इसको लेकर भारी संख्या में गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि कोचियों के द्वारा गांव में मवेशियों को लाकर रखते है। इसके कारण गांव में बीमारी फैल जाती है। इसका ग्रामीण विरोध कर रहे है। मवेशी को गांव में नहीं लाने को लेकर समझाइश भी दे चुके है। लेकिन कोचिए मानने को तैयार नहीं है। इसी को लेकर गुरुवार को शाम 7 बजे गांव के करण चौक में बैठक रखी गई थी। बैठक में कोचियों को भी बुलाया गया था। कोचियों का कहना था कि मवेशी बेचना हम लोगों का काम है। इसलिए गांव में मवेशी रखेंगे। जबकि ग्रामीण गांव से मवेशियों को रखने और यहां से लेकर जाने पर आपत्ति जता रहे थे। इसी बीच गांव के ही खेदूराम ने गुस्से में आकर समिति के मुखिया उत्तरा पुरेना को थप्पल मार दिया। उसके बाद उत्तरा को मारने सभी कोचिए भीड़ गए। इसके बाद ग्रामीण नाराज हो गए। दोनों गुटों में मारपीट शुरु हो गई। गांव में माहौल गरमाते देख मामला बुंदेली चौकी तक पहुंचा। विवाद के बाद 1 घंटे के बाद पुलिस फोर्स गांव में पहुंच गई। तेंदूकोना थाना प्रभारी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि गांव में बाहर से लाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ है। तनाव की स्थिति न बने इसके लिए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


