सीटी स्कैन शुरू, एक महीने में 145 मरीजों की जांच हुई

भास्कर न्यूज | कवर्धा जिला अस्पताल कवर्धा में सीटी स्कैन मशीन की सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। महज 1 महीने में 145 मरीजों की अलग-अलग तरह की सीटी स्कैन जांच की गई है। जिला बनने के बाद पहली बार कवर्धा अस्पताल में यह सुविधा मिल रही है। करीब 4 करोड़ रुपए की लागत से मशीन स्थापित की गई है। पहले मरीजों को सीटी स्कैन जैसी जांच के लिए रायपुर, दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर जाना पड़ता था। इससे समय और पैसों की भारी बर्बादी होती थी। अब जिला अस्पताल में ही जांच होने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिली है। मरीजों और परिजनों ने इसे जिले के लिए वरदान बताते हुए कहा कि समय पर जांच से इलाज जल्दी शुरू हो रहा है और हजारों रुपए की बचत हो रही है। गौरतलब है कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयास और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर जिला अस्पताल में सीटी स्कैन सुविधा प्रारंभ की गई है। यह सेवा 25 जुलाई को शुरू हुई और महज एक माह से भी कम समय में 145 मरीजों ने इसका लाभ उठा चुके हैं। जिलेभर के अलावा अन्य स्थानों के मरीज लाभान्वित सिविल सर्जन डॉ. केशव ध्रुव ने बताया कि अब तक पंडरिया ब्लॉक से 22, बोड़ला से 35, सहसपुर लोहारा से 25, कवर्धा शहरी व ग्रामीण क्षेत्र से 50 और अन्य जिलों से 13 मरीजों ने सुविधा का लाभ लिया है। इनमें से 14 मरीजों का स्कैन आपातकालीन स्थिति में किया गया, जिससे इलाज में मदद मिली। निजी सेंटर से कम दर पर जांच होने से पैसे भी बचेंगे जिला अस्पताल में सीटी स्कैन जांच के लिए जीवनदीप समिति ने दर तय किए हैं। यह दर निजी अस्पतालों की तुलना में आधे से भी कम है। सिर का सीटी स्कैन 800 रुपए, छाती का सीटी स्कैन 1100, रीढ़ का सीटी स्कैन 1100, चेहरे का सीटी स्कैन 1100, पेट का सीटी स्कैन 1500 रुपए तक शुल्क है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *