एजुकेशन रिपोर्टर | रांची कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) अंडरग्रेजुएट (यूजी) और पोस्टग्रेजुएट (पीजी) की परीक्षा में शामिल होने वाले स्टूडेंट्स की लिए बड़ी खबर है। 2025 में होने वाली परीक्षा में यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी) बड़ा बदलाव करने जा रहा है। इसके लिए यूजीसी ने छात्रों, अभिभावकों, फैकल्टी और आम लोगों से सुझाव आमंत्रित किया है। यह सुझाव व फीडबैक गूगल फॉर्म के माध्यम से 26 दिसंबर तक दे सकते हैं। बताते चलें कि बदलाव के तहत अब साल में एक बार सीबीटी मोड में सीयूईटी आयोजित होगा। इसमें स्टूडेंट्स अधिकतम पांच विषय की परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। स्टूडेंट्स 12वीं क्लास के लिए चयनित विषयों के अलावा पांच और विषयों का सीयूइटी के लिए चयन कर सकेंगे। इसी प्रकार यूजी की परीक्षा की अवधि एक घंटे की होगी। सभी प्रश्न अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही निगेटिव अंक का प्रावधान किया गया है। एनसीईआरटी सिलेबस पर आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे। बताते चलें कि उद्यमिता, शिक्षण योग्यता, फैशन, पर्यटन, कानूनी और इंजीनियरिंग ग्राफिक्स पेपर को बंद किया जाएगा। इन कोर्सों में सामान्य योग्यता परीक्षा के आधार पर प्रवेश लिया जाएगा। 15 लाख स्टूडेंट्स कराते हैं रजिस्ट्रेशन : सीयूईटी यूजी परीक्षा-2023 में 14,99,796 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इसमें से 11,16,018 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इसमें 5,13,978 महिला और 6,02,028 पुरुष अभ्यर्थी थे। इसमें 100 पर्सेंटाइल स्कोर करने वाले छात्रों की संख्या 22,836 थी। यूजी के 23 विषयों के लिए होगी परीक्षा यूजी के 23 विषयों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें एकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, एग्रीकल्चर, फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ, बायोलॉजी, परफॉर्मिंग आर्ट, फाइन आर्ट, जियोग्राफी-जियोलॉजी, हिस्ट्री, होम साइंस, मास कम्युनिकेशन, पॉलिटिकल साइंस, साइकोलॉजी, सोशियोलॉजी, संस्कृत, इन्वॉयरमेंटल साइंस, नॉलेज ट्रेडिशन-प्रैक्टिसेस इन इंडिया, फिजिकल एजुकेशन, एंथ्रोपोलॉजी, इकोनॉमिक्स, कंप्यूटर साइंस-इनफॉर्मेशन प्रैक्टिसेस शामिल हैं।


