छत्तीसगढ़ के धमतरी के शीतला पारा वार्ड में एक महिला छत गिरने से घायल हो गई। घटना गुरुवार सुबह 9 बजे की है। सरिता नेताम (40) अपनी बेटी के साथ घर के अंदर खाना निकाल रही थीं। इसी दौरान अचानक छत भरभराकर गिर गई। घटना में सरिता नेताम छत के नीचे दब गईं। आसपास के लोगों ने चीख-पुकार सुनकर उन्हें बाहर निकाला और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। उनकी बेटी बाल-बाल बच गई। सरिता का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। मकान मालिक मनोज कुमार और नीमा नेताम ने बताया कि छत गिरने से घर का सामान और राशन भी दब गया है। छत की हालत इतनी खराब है कि नीचे से देखने पर छत में छेद दिखाई दे रहे हैं। परिवार को रहने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिवार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन किया है और मंजूरी मिलने का इंतजार कर रहे हैं।


