गुरदासपुर के युवक की कुवैत में मौत:तबीयत बिगड़ने के बाद तोड़ा दम; सवा साल पहले गया था विदेश, 1 साल पहले हुई शादी

पंजाब के गुरदासपुर जिले के एक युवक की कुवैत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। करीब सवा साल पहले ही वह रोजगार और उज्जवल भविष्य की तलाश में कुवैत गया था। लेकिन अब उसकी अचानक मौत की खबर ने पूरे गांव और परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक की पहचान दीनानगर नजदीकी गांव चक्क आलिया निवासी मनजीत सिंह के रूप में हुई है। मनजीत सिंह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी शादी भी मात्र एक साल पहले ही हुई थी। उसकी असमय मृत्यु से घर पर दुखों का साया छा गया है। वह अपने पीछे बूढ़े पिता और पत्नी को छोड़ गया है। उसकी मां की कुछ वर्ष पहले ही मौत हो चुकी थी। पिता बोले- बेटे का शव जल्द वतन लाया जाए मृतक के पिता जसवंत सिंह दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का गुजारा करते हैं। जसवंत सिंह ने कहा- उनका बेटा विदेश जाकर घर की आर्थिक हालत सुधारना चाहता था। बीती रात मनजीत ने अपनी पत्नी से फोन पर बात करते हुए बताया कि उसे घबराहट हो रही है और जो भी खाता है, वह हजम नहीं हो रहा। परिवार ने उसे अस्पताल जाने की सलाह दी, लेकिन वह अस्पताल तक नहीं पहुंच पाया। देर रात आखिरी बार बात हुई थी, जिसके कुछ घंटे बाद सुबह उसके साथी ने फोन करके बताया कि मनजीत की मौत हो गई है। जसवंत सिंह ने पंजाब और केंद्र सरकार से गुहार लगाई है कि उनके बेटे का शव जल्द से जल्द भारत लाया जाए ताकि उसका अंतिम संस्कार पूरे रीति-रिवाजों से किया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *