एसजीपीसी दफ्तर में पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि भेंट

भास्कर न्यूज| अमृतसर देश के 13वें पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद एसजीपीसी ने अपने दफ्तर तेजा सिंह समुंद्री हाल में शोक सभा का आयोजन कर उनको श्रद्धांजलि भेंट की। कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने पूर्व पीएम का संस्कार राजघाट पर न करने की निंदा की और परिवार की मांग के अनुरूप केंद्र की मोदी सरकार से उनकी यादगार बनाने की भी मांग उठाई है। शोक सभा के दौरान कमेटी के सभी कर्मचारियों ने मूलमंत्र और गुरुमंत्र का जाप कर अरदास की। इस मौके पर धर्म प्रचार कमेटी के मेंबर भाई अजायब सिंह अभ्यासी और सचिव प्रताप सिंह ने देश के प्रति मनमोहन सिंह की सेवाओं को याद किया। उक्त ने कहा कि डॉ. सिंह एक साधारण परिवार से निकलकर अपनी मेहनत और प्रतिभा से ऊंचे पद तक पहुंचे। वह देश के पहले सिख प्रधानमंत्री बने, जिससे पंजाबियों और खासकर सिख पगड़ी की पहचान पूरी दुनिया में बनी। प्रताप सिंह ने कहा कि सिख समाज को उन पर गर्व है और उनके सम्मान में प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के आदेश पर कमेटी के दफ्तरों और संस्थानों में एक दिन की छुट्टी कर दी गई है। शोक सभा में ओएसडी सतबीर सिंह धामी, धर्म प्रचार कमेटी के सचिव बलविंदर सिंह काहलवां, अतिरिक्त सचिव प्रितपाल सिंह, निजी सचिव शाहबाज सिंह, उप सचिव गुरचरण सिंह कोहाला, जसविंदर सिंह जस्सी, बलविंदर सिंह खैराबाद, हरभजन सिंह वक्ता, सुपरिंटेंडेंट निशान सिंह, मलकीत सिंह बहिड़वाल, मैनेजर सतनाम सिंह रियाड़ आदि मौजूद थे। इस दौरान शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने भारत सरकार से उनके परिवार की मांग के अनुरूप उपयुक्त यादगार बनाने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को याद रखना चाहिए कि डॉ. मनमोहन सिंह के कारण ही देश आज स्थिर है और सरकार का कर्तव्य है कि उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए परिवार की भावना के अनुरूप उचित सम्मान दिया जाए। एडवोकेट ने कहा कि जब विश्व आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा था, तब डॉ. सिंह ने जहां अपने योग्यता से देश को आर्थिक रूप से स्थिर किया वहीं पूरी दुनिया को मार्गदर्शन भी दिया। शिरोमणि कमेटी अध्यक्ष ने पीएम नरेंद्र मोदी से इस ओर ध्यान देने की अपील की और सिख शख्सियत डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि के रूप में एक उपयुक्त स्मारक का निर्माण करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *