बिजली कनेक्शन नहीं मिलने से जिले 182 पेयजल स्त्रोत से जलापूर्ति शुरू नहीं हो पा रही है। पीएचईडी के 182 स्रोतों ऐसे हैं जिन पर डिस्कॉम की ओर से लाइनें बिछाते हुए पोल खड़े कर इंफ्रास्ट्रक्चर तो तैयार कर दिया गया है लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं देने से स्रोत शुरू नहीं हो पा रहे हैं। पीएचईडी के दक्षिण खंड, राइजेप व नगर खंड की ओर से एक साल से डिमांड राशि जमा कराए जाने के बाद भी बिजली कनेक्शन नहीं दिए गए। जिले के 835 किसानों के खेतों में पोल लगाने के साथ लाइनें तैयार हो गई, लेकिन किसानों को ट्रांसफार्मर नहीं दिए जा रहे हैं। एक साल से किसान रोजाना डिस्कॉम कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर है। जिले में पीएचईडी, कृषि कनेक्शन व उद्योगों के लिए 1051 कनेक्शनों के लिए पोल खड़े कर लाइनें बिछा दी गई है। ट्रांसफार्मर नहीं मिलने से किसान, पीएचईडी अधिकारी व व्यापारी डिस्कॉम के चक्कर काट रहे हैं। एसई अशोक मीना का कहना है कि एमएमसी विंग को ट्रांसफार्मर की डिमांड भेजी गई है। ट्रांसफार्मर की उपलब्धता होने पर वरियता क्रम से इश्यू किए जाएंगे। चौहटन में सोडियार के भूकरानसर के किसान मुकनाराम ने बताया कि स्पेशल कनेक्शन के लिए जनवरी 2024 में एक लाख 16 हजार 550 की डिमांड राशि जमा करवाई गई। ट्रांसफार्मर नहीं मिलने से बुआई नहीं कर पाया हूं। तिलोकाराम व खेराजराम ने बताया कि ढाई साल पहले डिमांड राशि जमा करवाई। ^पीएचईडी के सोर्स ट्रांसफार्मर नहीं मिलने से शुरू नहीं हो रहे है। विभाग को 182 ट्रांसफार्मर की जरूरत है। ओपनवेल, ट्यबवेल, नलकूप, आरओ प्लांट पर इंफ्रा स्ट्रेक्चर खड़ा किया गया है लेकिन कनेक्शन नहीं हुए है। दक्षिण खंड में सबसे अधिक सोर्स बंद है। डिमांड राशि जमा कराए कई महीने हो गए। -हजारीराम बालवा, एसई पीएचईडी। पीएचईडी के दक्षिण खंड में सबसे विकट समस्या है। यहां 100 से अधिक स्रोत ऐसे में जहां डिस्कॉम की ओर से पोल खड़े कर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर दिया गया है लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं दिए जाने से ओपनवेल, ट्यबवेल, नलकूप, आरओ प्लांट शुरू नहीं हो रहे हैं। चौहटन के फागलिया मेघवाल व राजपूतों बस्ती देदूसर, भील बस्ती समाधि स्थल घोनिया, राणाराम मेघवाल की ढाणी राजीव नगर चौहटन, हुडो का तला की सुथारों की ढाणी, पीराणियों का तला, आईदान की ढाणी, गंगाणी जाखड़ों का तला, बाबड़ी कला के समेजों का वास, आरओ प्लांट ऊपरला, सांवलोर के नाइयों की ढाणी, बंधानी मेघवालों की ढाणी, पनाणियों का तला में ओपनवेल पर कनेक्शन नहीं होने से जल संकट की स्थिति बनी है। डूडियों की बस्ती तारातरा मठ, सुथारों की ढाणी पनाणियों का तला, ओगाला के मेघवाल बस्ती, खाराडेर, अणदानी कुम्हारों की ढाणी, बोरला जाटान, सीएचसी बाखासर में ट्यूबवेल पर कनेक्शन जारी नहीं किए गए। राइजेप खंड के गडरारोड, शिव भियाड, रामसर सहित नगरखंड के कई क्षेत्रों में ट्यबवेल, ओपनवेल, नलकूप आरओ प्लांट पर कनेक्शन नहीं जारी हुए। जेईएन, एईएन सहित कार्मिक डिस्कॉम कार्यालयों के चक्कर काट रहे है।


