भास्कर न्यूज| बूंदी जिला मुख्यालय पर बसी पॉश कॉलोनियों में भी लोगों को सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। नैनवां रोड रजतगृह कॉलोनी गेट नंबर 6 में मामूली बारिश से कीचड़ हो गया। हालात ऐसे हैं कि यहां से आमजन पैदल गुजरने के लिए रास्ता खोज रहे हैं। साथ ही वाहन चालक फिसलन होने से स्लिप हो रहे हैं। इसी प्रकार देवपुरा क्षेत्र में भी रास्ते में पानी भर चुका है। यहां भी लंबे समय से समस्या है, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नैनवां रोड निवासी अवधेश पंचोली, प्रहलादसिंह, अशोकउपाध्याय ने बताया कि स्थानीय बाशिंदों को परेशानी हो रही है, लेकिन अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को इससे कोई सरोकार नहीं है। थोड़ी सी बारिश होने के बाद रोड चलने लायक भी नहीं बचा है। इस रोड से रोजाना सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं। यह शहर की नामी कॉलोनियों में से एक होने के बाद भी किसी का ध्यान नहीं है। नैनवां रोड रजत गृह कॉलोनी गेट नंबर 6 में कीचड़ से क्षेत्रवासी परेशान हैं। बारिश जैसे हालात, गंदगी होने से आ रही दुर्गंध देवपुरा क्षेत्र में तो और भी बुरे हालात हैं। देवपुरा क्षेत्र की 6 से ज्यादा कॉलोनियों में सैकड़ों मकान बने हुए हैं, लेकिन यहां पर लोगों को सड़क, नाली जैसी मूलभूत सुविधा भी नहीं मिल पाई है। कोटा रोड से जैन मंदिर के सामने से रॉयल सिटी, तिरुपति विहार जा रही सड़क पर पानी भर गया है। स्थानीय बाशिंदे अनिता जैन, बाबूलाल शर्मा ने बताया कि इसको लेकर सुनवाई नहीं हुई। वार्डवासियों ने पहले भी सभापति, आयुक्त व पार्षद को बताया था, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। इसी कारण मामूली बारिश होने पर बरसात जैसे हालात हो गए। रोड पर पानी भरने से लोगों का पैदल निकलना भी दूभर हो चुका है। वाहन चालक भी दूसरा रास्ता बदलकर मुख्य रोड तक आ रहे हैं। गंदगी होने से दुर्गंध तक आने लगी है। ऐसे में स्थानीय लोगों की पीड़ा समझते हुए समाधान होना चाहिए। शुक्रवार रात से ही रोड पर कीचड़ हो गया था। नैनवां रोड की इस कॉलोनी में रात के समय में वाहन चालक यहां से गुजरने में परहेज करते रहे, जो वाहन चालक यहां से गुजरे, उनके अधिकांश वाहन फिसलते रहे। कुछ वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ा तो वे फिसलकर रोड पर गिर गए। अगर समय रहते हालात सुधार लिए गए होते तो ऐसे दिन नहीं देखने पड़ते। साथ ही आमजन को परेशानी से मुक्ति मिल सकती थी। लेकिन, किसी भी जिम्मेदार ने इस बारे में नहीं सोचा। शनिवार को भी कुछ वाहन चालक फिसलन के कारण स्लिप हो गए। ऐसे में इस समस्या का स्थाई समाधान होना चाहिए।


