भास्कर न्यूज | गिरिडीह जागो फाउंडेशन वर्ष 1997 से जिले के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में बाल अधिकार, कानूनी जागरूकता, महिला विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में निरंतर जागरूकता अभियान चला रहा है। संस्था समय-समय पर प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन कर ग्रामीणों को कानूनी, स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल अधिकार और कचरा प्रबंधन से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षित करता रहता है। फाउंडेशन के सचिव वैद्यनाथ ने बताया कि ये प्रशिक्षण शिविर न केवल ग्रामीण स्तर पर, बल्कि जिला स्तर पर भी सफलतापूर्वक आयोजित किए जाते हैं। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और बाल विवाह पर रोक लगाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाता है। साथ ही, स्कूलों में पढ़ने वाले गरीब और असहाय बच्चों के बीच पठन सामग्री वितरित की जाती है और क्विज का आयोजन कर प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाता है। इसके अलावा, स्कूल स्तर पर खेल-कूद का आयोजन कर बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने का भी मुहिम फाउंडेशन चला रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए, उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया जाता है।


