पंजाब में फरीदकोट के गांव रामेआना से धार्मिक यात्रा पर गए जत्थे की महिंद्रा पिकअप गाड़ी की कैथल (हरियाणा) के पास हरियाणा रोडवेज की बस के साथ टक्कर में 5 बुजुर्ग श्रद्धालुओं की मौत के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। समूचे गांव में मातम का माहौल है। गांव रामेआना से 9 श्रद्धालुओं का एक जत्था पिकअप में सवार होकर पिहोवा (हरियाणा) के गुरुद्वारा साहिब दर्शन करने गया था। पिहोवा गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण वह शाम को कैथल के गुरुद्वारा साहिब में ही रुक गए और सोमवार सुबह पिहोवा जाते समय किउरक टोल प्लाजा के पास हरियाणा रोडवेज की एक बस ने उनकी पिकअप गाड़ी को टक्कर मार दी। इस हादसे में नरिंदर सिंह सोढ़ी, काकू सिंह खालसा, हरकीरत सिंह गिल, बाबा मक्खन सिंह और तारा सिंह की मौत हो गई है, जबकि मंदर सिंह और गुरजंट सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मंगलवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा इस मामले में मृतक के रिश्तेदारों व ग्रामीणों ने बताया कि इस जत्थे ने सोमवार को वापस लौटना था, परंतु उनके आने से पहले यह दु:खद सूचना आ गई। उन्होंने बताया कि कानूनी कार्रवाई व पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया के चलते मंगलवार को मृतकों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करेंगे: विधायक इस हादसे पर जैतो से आप विधायक अमोलक सिंह ने दुख व्यक्त करते हुए परिवारों के साथ हमदर्दी जताई है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम के सदस्य चेयरमैन धर्मजीत सिंह रामेआना की अगुवाई में परिवारों से मिलने गए है। इस दुख की घड़ी में वह परिवारों के साथ है और उनकी हर संभव मदद की जा रही है।


