भास्कर न्यूज| बेनूर नारायणपुर पुलिस ने बेनूर थाना क्षेत्र से गुमशुदा युवती के मामले में हत्या का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी नरशु वड्डे और उसके सहयोगी धनीराम वड्डे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक 20 नवंबर 2024 को थाना बेनूर के ग्राम उड़ीदगांव निवासी मस्सी बाई सलाम द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया कि उनकी 27 साल की बेटी 12 फरवरी 2024 को गांव में हुए विवाह समारोह के बाद से घर नहीं लौटी है। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर गुम इंसान का मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई थी। जांच के दौरान जानकारी मिली कि गुम युवती की हत्या उनके ही गांव के नरशु वड्डे ने की है साइबर सेल के विशेष सहयोग से संदेही को सिद्दीपेट (तेलंगाना) से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने स्वीकार किया कि 15 फरवरी 2024 की रात विवाह उपरांत आयोजित कार्यक्रम के दौरान शराब सेवन के बाद उसने युवती को संबंध बनाने का दबाव डाला। मना करने पर उसने युवती की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को पहले पड़ोसी के पैरा में छिपाया। अगले दिन अपने साथी धनीराम वड्डे की मदद से नाले में गड्ढा खोदकर दफनाया। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन और निशानदेही पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, वैज्ञानिक अधिकारी एवं मेडिकल टीम की उपस्थिति में शव को निकाला गया। घटनास्थल से मानव कंकाल, लाल रंग की साड़ी, स्वेटर, ब्लाउज, चूड़ी और धागा बरामद हुआ जिन्हें परिजनों द्वारा पहचान किया गया। मौके से मिट्टी के नमूने एफएसएल के लिए संकलित किए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों नरशु वड्डे व धनीराम वड्डे निवासी उड़ीदगांव को 24 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।


