कोरबा के बुधवारी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सुबह 7 बजे के करीब मॉर्निंग वॉक पर निकले 83 वर्षीय शिवानंद सिंह को एक बाइक चालक ने टक्कर मार दी। ट्रांसपोर्ट नगर की तरफ से आए बाइक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए शिवानंद सिंह को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान मौत राहगीरों ने घायल बुजुर्ग को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। उन्हें मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस चौकी प्रभारी डीके कुजूर ने इस घटना की पुष्टि की। बिहार का रहने वाला है बुजुर्ग मृतक शिवानंद सिंह मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। वे बुधवारी बाजार स्थित गणेश पंडाल के पास अपने भतीजे के साथ रहते थे। उनकी एक बेटी बिहार में रहती है। पुलिस ने बताया कि बेटी के आने के बाद पंचनामा कार्यवाही कर अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस फरार बाइक चालक की तलाश कर रही है।


