छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में धमतरी जा रही लकड़ी से भरी एक मेटाडोर सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से टकरा गई। हादसे में मेटाडोर चालक तो बच गया, लेकिन उसके साथ बैठे हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना चारामा थाना क्षेत्र के जैसाकर्रा गांव की है। जानकारी के अनुसार यह ट्रक पिछले तीन दिनों से वहीं पर खड़ा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मेटाडोर का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही चारामा पुलिस मौके पर पहुंची। यातायात सुचारू रखने के लिए हाईवे से वाहनों को हटाया गया। यह घटना ट्रक चालकों की लापरवाही को दर्शाती है। कई ट्रक चालक सड़क किनारे स्थित ढाबों में भोजन करने के बाद आराम के नाम पर लंबे समय तक वाहन खड़े कर देते हैं। अगर खराब ट्रक को समय पर सड़क से हटा दिया जाता, तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी।


