छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में गणेश चतुर्थी का पर्व विशेष बन गया। मरवाही में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों ने अपने नए घरों में प्रवेश किया। जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावते और अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न हुआ। हितग्राहियों ने गणेश जी की प्रतिमा की स्थापना कर पूजा-अर्चना की। मरवाही ब्लॉक के गुल्लीडांड और अमेराटिकरा में नए बने आवासों में हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया गया। हितग्राहियों ने बताया कि वे नवरात्रि की पूजा के बाद अपने नए घरों में स्थायी रूप से रहना शुरू करेंगे। जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावते ने हितग्राहियों को शुभकामनाएं दीं। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति संतोषजनक है। कुल स्वीकृत 27,608 आवासों में से 25,180 आवास पूर्ण हो चुके हैं। रावते ने कहा कि हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।


