जशपुर पुलिस ने व्यापारियों से 38.80 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। झारखंड के गुमला निवासी अंशु उर्फ रोहित अग्रवाल (25) को पकड़कर जेल भेज दिया गया है। पहला मामला सन्ना का है। सन्ना के किराना व्यापारी संतकुमार यादव से आरोपी ने चावल व्यापारी बनकर ठगी की। मिथलेश साहू ने फोन पर व्यापारी से संपर्क कर अंशु से बात करवाई। आरोपी ने क्यूआर कोड भेजकर व्यापारी से 80 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। लेकिन चावल नहीं भेजा। दूसरा मामला पत्थलगांव का है। आरोपी ने मक्का का अच्छा दाम देने का लालच देकर एक व्यापारी से 160 टन मक्का खरीद ली। व्यापारी को 38 लाख रुपए का भुगतान नहीं किया। एएसपी अनिल कुमार सोनी के अनुसार, सन्ना थाने में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पत्थलगांव थाने में भी अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी लंबे समय से फरार था। घटना के बाद से फरार था मुख्य आरोपी अंशु इससे पहले इसी मामले में एक अन्य आरोपी मिथलेश साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन मुख्य आरोपी अंशु अग्रवाल घटना के बाद से फरार था। उसकी तलाश के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने मुखबिरों और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी की लोकेशन गुमला जिले के घाटो बगीचा, पालको रोड क्षेत्र में पता लगाई। इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के पास से उसका मोबाइल भी जब्त किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म पूछताछ में अंशु अग्रवाल ने ठगी की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत जिले में फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है और ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा।


