रामानुजगंज रामचंद्रपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत दोलंगी में भ्रष्टाचार के विरोध में ग्रामीणों ने ग्राम सभा का बहिष्कार किया। पंचायत प्रतिनिधियों ने महिला पंचायत सचिव पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पंचायत की जनपद सदस्य प्रीति गुप्ता, सरपंच कलावती, उपसरपंच अंजुम आरा और अन्य पंचों का आरोप है कि सचिव ने सड़क निर्माण, गहरीकरण, चबूतरा और अन्य निर्माण कार्यों में शासकीय राशि का गबन किया है। सचिव घर में बैठकर ग्राम सभा का संचालन करती हैं और फर्जी हस्ताक्षर कर धन का दुरुपयोग करती हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने की जांच की मांग करीब 20 दिन पहले पंचायत प्रतिनिधियों ने कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ और जनपद सीईओ को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की थी। कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने आज रैली निकालने की योजना बनाई। रामचंद्रपुर थाना प्रभारी मनोज नवरंगे और जनपद पंचायत के जयप्रकाश गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने शुक्रवार तक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद रैली स्थगित कर दी गई। पंचायत प्रतिनिधियों ने 2022 से 2024 तक हुए कार्यों की सूची जारी की है। इसमें फर्जी आहरण वाले कार्यों का विवरण दिया गया है। सचिव पर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से दुर्व्यवहार करने और मांगी गई जानकारी नहीं देने का भी आरोप है।


