रांची गणेश चतुर्थी पर बुधवार को घर-घर में गणपति बप्पा का स्वागत किया गया। विभिन्न समितियों द्वारा बनाए गए पंडालों में पूजा-अर्चना व महाआरती की गई। दिनभर गणपति बप्पा के जयकारों से शहर गूंजता रहा। शास्त्री मैदान चुटिया में भव्य काल्पनिक मंदिर, ओटीसी में शिवलिंग पर आधारित पंडाल समेत सभी पंडालों में बप्पा के दर्शन के लिए देर रात तक श्रद्धालु पहुंचे। कचहरी रोड में बने पंडाल में झारखंड की संस्कृति को देखने के लिए भक्तों की कतारें लगी रहीं। एल्बर्ट एक्का चौक पर बने पंडाल का प्रारूप देखने दूर-दराज से भी श्रद्धालु पहुंचे। शहर में 50 से ज्यादा पूजन पंडालों में भक्तों ने भगवान का दर्शन किए। श्री श्री गणेश पूजा समिति, साउथ रेलवे चुटिया में भी देर रात तक भक्त आते रहे। साउथ रेलवे कॉलोनी, ओटीसी ग्राउंड, डोरंडा व अन्य जगहों पर मेला का आयोजन किया गया है।


