बेटियों को सही सीख दें, वे आत्मविश्वासी बनेंगी

लुधियाना| हर माता-पिता अपनी बेटी को मजबूत, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी देखना चाहते हैं। पैरेंटिंग कोच का मानना है कि बचपन से ही अगर बेटियों को सही बातें सिखाई जाएं तो वे बड़े होकर हर परिस्थिति का सामना डटकर ​कर सकती हैं। आज की दुनिया में जहां सोशल मीडिया, प्रतियोगिता और समाज की उम्मीदें बेटियों पर अतिरिक्त दबाव डालती हैं, वहां पैरेंट्स का रोल और भी अहम हो जाता है। सही गाइडेंस मिलने पर बेटियां खुद को कभी कमजोर नहीं मानतीं और हर क्षेत्र में आगे बढ़ती हैं। पैरेंटिंग कोच का कहना है कि बेटियों को ये बातें सिखाकर ही उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। माता-पिता का प्रोत्साहन बेटियों के लिए ढाल का काम करता है। जब परिवार उन्हें यह भरोसा दिलाता है कि वह किसी से कम नहीं, तो वे समाज की हर बाधा को पार कर सकती हैं। यही सीख आगे चलकर उनके व्यक्तित्व को निखारती है और वे हर चुनौती का सामना मजबूती से करती हैं। इसीलिए हर माता-पिता को अपनी बेटियों को यह बातें जरूर बतानी चाहिए, ताकि वे आत्मसम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन जी सकें। {खुद की राय पर भरोसा करें : खुद की राय पर भरोसा करना बेटियों के व्यक्तित्व को मजबूत बनाने की सबसे अहम नींव है। अक्सर देखा जाता है कि बेटियां अपनी सोच और फैसलों से ज्यादा दूसरों की राय को महत्व देने लगती हैं। धीरे-धीरे यह आदत उनके आत्मविश्वास को कमजोर कर देती है और वे अपने जीवन से जुड़े बड़े निर्णय लेने में झिझकने लगती हैं। ऐसे में पैरेंट्स की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। अगर वे छोटी उम्र से ही बेटियों को अपनी सोच को अहमियत देना और उस पर विश्वास करना सिखा दें, तो बेटियां अपने विचारों को बेझिझक सामने रख पाएंगी। इससे न सिर्फ उनका आत्मसम्मान बढ़ेगा बल्कि वे हर परि​स्थिति में खुद को मजबूती से खड़ा कर पाएंगी। जब बेटियां अपने फैसलों को महत्व देना सीख जाती हैं तो आगे चलकर वे जीवन की हर चुनौती का सामना आत्मविश्वास और सही निर्णय क्षमता के साथ कर सकती हैं। {खुद से प्यार करना सीखें : बेटियों को यह सिखाना जरूरी है कि वह जैसी हैं, वैसी ही खूबसूरत और खास हैं। अक्सर लड़कियां दूसरों से तुलना कर खुद को कमतर समझने लगती हैं। लेकिन अगर माता-पिता उन्हें आत्म-स्वीकृति का महत्व समझाएं तो वह अपनी खूबियों और कमजोरियों को सही ढंग से स्वीकार कर पाएंगी। ना कहना भी जरूरी है : समाज और रिश्तों में बेटियों पर कई बार ऐसा दबाव डाला जाता है कि वे मना करने से हिचकिचाती हैं। माता-पिता को उन्हें यह समझाना चाहिए कि गलत या असुविधाजनक परिस्थिति में ‘ना’ कहना बिल्कुल सही है। यह आदत उन्हें शोषण या दबाव से बचाएगी। {पढ़ाई और करियर का महत्व : बेटियों को यह भी बताना जरूरी है कि शिक्षा और करियर उनकी सबसे बड़ी ताकत हैं। पैरेंट्स का सपोर्ट मिलने से बेटियां बड़े सपने देखने की हिम्मत जुटाती हैं और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करती हैं। गलतियों से सीखना जरूरी: बेटियों को यह भी समझाना चाहिए कि गलती करना कोई बुरी बात नहीं, बल्कि उनसे सीखना सबसे जरूरी है। जब वे असफलता से डरना छोड़ देंगी, तभी जीवन में सफलता का असली स्वाद चख पाएंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *